शहजाद आलम जिला संवाददाता
सिद्धार्थनगर।
जिले के जोगिया उदयपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली एक युवती का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में युवती खुद को मेनिका राजपूत तथा अपने पिता का नाम अरविंद कुमार बताते हुए यह दावा कर रही है कि वह अपनी मर्जी से एक युवक के साथ गई है और उस पर किसी प्रकार का दबाव नहीं बनाया गया है।
वायरल वीडियो में युवती ने साफ तौर पर कहा है कि जिस युवक के साथ वह गई है, उसके परिवार, रिश्तेदारों और दोस्तों का इस मामले में कोई दोष नहीं है। युवती ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी निर्दोष व्यक्ति को परेशान न किया जाए।
इसके साथ ही युवती ने अपने पिता पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि जोगिया उदयपुर थाने में उसके खिलाफ झूठी शिकायत दर्ज कराई गई है। युवती के अनुसार, उसके पिता ने आरोप लगाया है कि वह घर से करीब तीन लाख रुपये नकद और सोने-चांदी के जेवर लेकर गई है, जबकि वह अपने साथ कोई भी नकदी या आभूषण नहीं लाई है।
वीडियो में युवती शांत तरीके से अपनी बात रखते हुए नजर आ रही है। सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है। लोग वीडियो को अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर साझा कर रहे हैं और तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
हालांकि, पूरे मामले को लेकर पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और वायरल वीडियो की सत्यता की भी पड़ताल की जा रही है।
स्थानीय लोगों के बीच इस घटना को लेकर कई तरह की चर्चाएं हो रही हैं। वहीं, पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।