राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
शनि जयंती, शनि अमावस्या, वट सावित्री व्रत एवं हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर हीरागंज स्थित शनि देव मंदिर में श्रद्धा और भक्ति से ओतप्रोत भव्य धार्मिक आयोजन संपन्न हुआ। दिनभर चले धार्मिक कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर भगवान शनिदेव का पूजन-अर्चन कर सुख-समृद्धि की कामना की।
मंदिर समिति के अध्यक्ष अनुराग चौकसे (मोंटी), महामंत्री सचिन रूपेश पांडे, कोषाध्यक्ष शैलेंद्र ताम्रकार, पूर्व सरपंच ओमप्रकाश सोनी, गोपी साहू, स्वप्नेश चौरसिया, गुड्डा मिश्रा, महेश शर्मा एवं अन्य वार्डवासियों के सहयोग से आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
मंदिर के वरिष्ठ सदस्य राकेश जैन “कक्का” ने बताया कि वर्ष 2005 में समाजसेवी जगदीश शर्मा द्वारा भगवान शनिदेव की प्रतिमा प्रदान की गई थी। इसके बाद स्वर्गीय वीरेंद्र ताम्रकार, बिज्जू वर्मा, अनुराग बजाज, पूर्व पार्षद रज्जन जैन, अनिल जायसवाल, अशोक ताम्रकार सहित वार्डवासियों के सहयोग से मंदिर में प्रतिमा की स्थापना कर विधिवत पूजा प्रारंभ की गई।
उन्होंने बताया कि शनि अमावस्या के दिन सबसे पहले भगवान शनिदेव को तेल अर्पित करने का सौभाग्य उन्हें प्राप्त हुआ। मंदिर में स्वर्गीय राजू सेन को पहला पुजारी नियुक्त किया गया था। वार्डवासियों के सहयोग से प्रारंभ में चबूतरे का निर्माण कराया गया, जिसके बाद वर्ष 2011-12 में ओवरब्रिज निर्माण के दौरान मंदिर का भव्य स्वरूप तैयार हुआ। समय के साथ मंदिर के प्रति श्रद्धालुओं की आस्था निरंतर बढ़ती गई और आज यह क्षेत्र का प्रमुख आस्था केंद्र बन चुका है।
शनि अमावस्या के अवसर पर सुबह 5 बजे भगवान शनिदेव का विशेष पूजन, तेलाभिषेक एवं मस्तक अभिषेक किया गया। साथ ही भगवान भोलेनाथ का रुद्राभिषेक एवं विधिवत पूजा-अर्चना संपन्न हुई। दिनभर श्रद्धालुओं की भीड़ मंदिर परिसर में दर्शन और पूजन के लिए उमड़ती रही। श्रद्धालुओं ने शनिदेव को तेल अर्पित कर परिवार की सुख-शांति एवं मंगल की कामना की।
दोपहर में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। शाम 7 बजे महाआरती के साथ धार्मिक आयोजन का समापन हुआ। पूरे मंदिर परिसर को आकर्षक विद्युत सज्जा एवं फूलों से सजाया गया था, जिससे वातावरण भक्तिमय बना रहा।