शहजाद आलम जिला संवाददाता
सिद्धार्थनगर।
जिले के कठेला समय माता थाना क्षेत्र अंतर्गत मटेहना टोला रामनगर में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक 5 वर्षीय मासूम बच्चे की संदिग्ध परिस्थितियों में करंट लगने से मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने गांव के ही एक व्यक्ति पर पुरानी रंजिश के चलते बच्चे की हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। साथ ही पुलिस पर भी कार्रवाई न करने और तहरीर बदलवाने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
पीड़ित परिवार के अनुसार गांव निवासी सलाहुद्दीन से कुछ दिन पहले उनका विवाद और कहासुनी हुई थी। परिजनों का कहना है कि उसी दौरान आरोपी ने पूरे परिवार को देख लेने और नुकसान पहुंचाने की धमकी दी थी। परिवार का आरोप है कि घटना के कुछ दिन बाद ही उनके 5 वर्षीय बेटे की संदिग्ध हालात में करंट लगने से मौत हो गई, जिससे पूरे परिवार में कोहराम मच गया।
मृतक बच्चे के पिता अमीरूल्लाह ने आरोप लगाया कि जब वह न्याय की गुहार लेकर थाने पहुंचे तो वहां मौजूद एसआई आनंद कुमार ने उनकी तहरीर बदलवा दी। परिजनों का कहना है कि पुलिस ने उनसे कहा कि “तहरीर पुलिस अपने हिसाब से लिखेगी।” इतना ही नहीं, परिवार का यह भी आरोप है कि नामजद आरोपी पिछले चार दिनों से थाने में मौजूद है, लेकिन उसके खिलाफ अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।
पीड़ित परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी पक्ष लगातार उन्हें धमका रहा है। परिजनों के मुताबिक आरोपी पक्ष के लोग खुलेआम कह रहे हैं कि “अभी एक ही बच्चा गया है”, जिससे परिवार दहशत में है। घटना के बाद गांव और आसपास के इलाके में भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
मासूम बच्चे की मौत से परिवार पूरी तरह टूट चुका है। गांव के लोग भी घटना को लेकर दुख और नाराजगी जाहिर कर रहे हैं। पीड़ित परिवार ने उच्च अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
वहीं इस मामले में पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस गंभीर मामले में क्या कदम उठाता है और पीड़ित परिवार को कब तक न्याय मिल पाता है।