राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ कटनी पुलिस ने मंगलवार को व्यापक स्तर पर कार्रवाई करते हुए “ऑपरेशन शिकंजा” चलाया। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में जिलेभर में एक साथ दबिश देकर शराब माफियाओं के नेटवर्क पर करारा प्रहार किया गया। इस विशेष अभियान के दौरान 64 शराब कारोबारियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किए गए।
पुलिस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, अवैध शराब निर्माण एवं बिक्री में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ चलाए गए अभियान में कुल 113.31 लीटर अवैध अंग्रेजी एवं देशी प्लेन-मसाला शराब के साथ 94 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की गई। इस तरह कुल 207.31 लीटर अवैध शराब जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 78 हजार 950 रुपए बताई गई है।
कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया के मार्गदर्शन में जिले के सभी अनुविभागीय पुलिस अधिकारियों, थाना प्रभारियों एवं पुलिस टीमों द्वारा संयुक्त रूप से की गई। पुलिस ने जिलेभर में एक साथ रेड कार्रवाई कर अवैध शराब कारोबार में लिप्त लोगों पर शिकंजा कसा।
कटनी पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार को जड़ से समाप्त करने के उद्देश्य से “ऑपरेशन शिकंजा” आगे भी लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने आम नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि यदि कहीं भी अवैध शराब निर्माण या बिक्री की सूचना मिले तो तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम नंबर 7587615946 पर जानकारी दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।