राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
जिले में शासकीय भूमि पर कब्जा करने वालों के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए स्लीमनाबाद तहसील के ग्राम पहरुआ में अतिक्रमण पर बुलडोजर चला दिया। प्रशासनिक टीम ने करीब 65 लाख रुपए बाजार मूल्य की शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया। कार्रवाई के दौरान जेसीबी मशीन से अवैध निर्माण जमींदोज कर दिए गए।
कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर तहसीलदार स्लीमनाबाद आकाशदीप नामदेव के नेतृत्व में राजस्व अमले ने यह कार्रवाई की। प्रशासन के अनुसार ग्राम पहरुआ की विभिन्न शासकीय खसरों की भूमि पर लंबे समय से अवैध कब्जा कर कृषि कार्य किया जा रहा था। वहीं कुछ लोगों ने व्यावसायिक निर्माण भी कर लिए थे।
कार्रवाई के दौरान प्रशासन ने करीब 25 एकड़ शासकीय भूमि को कब्जामुक्त कराया। इस दौरान तीन अवैध दुकानों को भी तोड़ा गया। इनमें दो दुकानें 8×10 फीट तथा एक दुकान 25×10 फीट आकार की थी, जिन्हें जेसीबी से ध्वस्त कर दिया गया।
राजस्व विभाग के मुताबिक शासकीय भूमि पर शंकरपुरी, जगत पटेल, बाबूलाल, यदुनंदन, दामोदर, लक्ष्मण, अरविंद पटेल सहित अन्य लोगों द्वारा अवैध कब्जा किया गया था। प्रशासन ने सभी अतिक्रमणकारियों को बेदखल करते हुए जमीन को शासन के कब्जे में वापस ले लिया।
प्रशासन ने साफ किया है कि शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।