सहारनपुर
सहारनपुर- बृहस्पतिवार की रात आए भारी तूफान और ओलावृष्टि से लोगों को राहत देने के लिए नगर निगम रात से ही युद्ध स्तर पर राहत कार्य कर रहा है। आपदा से निपटने के लिए 15 जेसीबी 8 हाइड्रा एवं 200 सफाई कर्मियों की 12 टीमें रात से ही राहत कार्य में लगी हैं। रेड अलर्ट मिलते ही नगर निगम द्वारा उक्त टीमों का गठन कर लिया गया था। बीती रात आए भीषण तूफान और ओलावृष्टि से महानगर में लगभग 120 स्थानों पर पेड़ और उनकी डालियां गिरने और 18 स्थानों पर बिजली के खंभों के तार टूटने से मार्ग अवरूद्ध हो गया था। इससे कई क्षेत्रों में जल भराव एवं नालियों के चौक होने की समस्या भी सामने आई। निगम की स्ट्रीट लाइट साइनेज एवं सार्वजनिक संपत्तियों को भी आंशिक क्षति तूफान से पहुंची है। उक्त सूचनाओं के मिलते ही रात में ही सभी 12 राहत टीमों को सक्रिय कर दिया गया । आज दोपहर 2:00 बजे तक 95% मुख्य मार्ग यातायात हेतु खोल दिए गए थे। इसके अतिरिक्त रात में ही नगर निगम का आपदा कंट्रोल रूम एवं हेल्पलाइन नंबर भी संवेदनशीलता के साथ चौबीस घंटों के लिए लगातार सक्रिय कर दिया गया। नगरायुक्त शिपू गिरी ने उक्त जानकारी देते हुए बताया कि विद्युत विभाग से समन्वय कर प्राथमिकता के साथ अस्पताल, जलकल एवं मुख्य मार्गो की विद्युत आपूर्ति बहाल कराई जा रही है। जल भराव वाले 32 स्थानों पर अतिरिक्त पंप लगाकर निकासी कराई गई है। सभी बड़े नालों की सिल्ट सफाई का कार्य भी युद्ध स्तर पर जारी है साथ ही सभी 70 वार्डों में जोनल अधिकारी एवं सफाई निरीक्षकों की टीम घर-घर सर्वे कर क्षति का आकलन कर रही है।नगरायुक्त ने बताया कि नगर निगम के कंट्रोल रूम नंबर 8477 008058, 847700 8015, 847700 8057 के अतिरिक्त 0132- 2648112 पर भी शिकायतें प्राप्त कर समस्याओं का समाधान कराया जा रहा है । उन्होंने बताया कि भविष्य में ऐसी आपदाओं को ध्यान में रखकर नगर निगम में स्थाई रूप से एक आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ का गठन किया जा रहा है। मौसम विभाग से समन्वय कर पूर्व चेतावनी प्रणाली मजबूत की जाएगी। इसके अतिरिक्त मुख्य मार्गों पर चरणबद्ध रूप से विद्युत लाइनों को अंडरग्राउंड करने के लिए पीवीवीएनएल को प्रस्ताव भेजा जा रहा है। उन्होंने बताया कि शहर के सभी जर्जर और झुके हुए एवं विद्युत लाइन को छू रहे वृक्षों की पहचान कर चरणबद्ध तरीके से कंटाई छंटाई और उन्हें हटाने का अभियान भी चलाया जाएगा।मानसून से पहले सभी बड़े एवं छोटे नालों की शत प्रतिशत सिल्ट सफाई का कार्य 15 जून तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। नगरायुक्त शिपू गिरी ने निगम के सभी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि आपदा राहत के पुनर्स्थापना कार्य में कोई शिथिलता न बरती जाए । उन्होंने तूफान और ओलावृष्टि से पेड़ एवं बिजली के पोल आदि गिरने से लोगों को जो असुविधा हुई है उसके लिए खेद व्यक्त किया है और आश्वस्त किया है कि स्थिति को शीघ्र ही सामान्य किया जाएगा। नगरायुक्त ने लोगों से यह भी अपील की है कि वह अपने घर के आसपास कमजोर पेड़ों की सूचना नगर निगम के कंट्रोल रूम पर दें और बरसात से पहले अपनी छतों और नालियों की सफाई स्वयं सुनिश्चित करें।
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़