बरेली के थाना क्षेत्र में अपनी बहन को ससुराल से लाने पहुंचे भाई अंकित पर ससुराल पक्ष ने जानलेवा हमला बोल दिया। लाठी-डंडे से मारपीट कर धारदार हथियार फरसा मार सर फाड़ दिया। खून से लथपथ युवक किसी तरह जान बचाकर निकला। अब पीड़ित ने फरीदपुर कोतवाली में तहरीर देकर आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
सुबह-सुबह घर में घुसकर किया हमला
मामला कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मैनी का है। शिवपुरी के खजुरिया निवासी अंकित ने पुलिस को बताया कि उसकी बहन सुमनलता का ससुराल पक्ष से लंबे समय से विवाद चल रहा था। रविवार सुबह करीब 7:30 बजे बहन के फोन के बाद वह उसे लेने ग्राम मैनी पहुंचा था।
आरोप है कि वहां पहुंचते ही सुमनलता के ससुर रामवीर, पति जितेंद्र और रेनू, नीतू समेत अन्य परिजनों ने घेर लिया। बातचीत की जगह एक राय होकर हमला कर दिया।
घर में बंद कर पीटा, सिर से फूटा खून
पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने उसे घर के अंदर बंद कर लिया। लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से बेरहमी से पीटा। हमले में अंकित के सिर में गहरी चोट आई और काफी खून बह गया। शरीर के अन्य हिस्सों पर भी गंभीर चोटें आई हैं।
अंकित ने कहा कि हमलावर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने पर उतारू थे। बीच-बचाव की कोशिश में उसकी बहन सुमनलता के साथ भी मारपीट की गई।
दहेज विवाद बना हिंसा की वजह
शिकायत में अंकित ने बताया कि बहन के ससुराल पक्ष द्वारा दहेज की मांग को लेकर लगातार विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में रविवार को खूनी खेला गया।
पीड़ित ने पुलिस से अपनी और बहन की जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है। साथ ही आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने शुरू की जांच
फरीदपुर कोतवाली पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए घायल युवक का मेडिकल कराया।