अकरम पटेल की रिपोर्ट
बैतूल।
विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर प्रजापिता ब्रह्मकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय द्वारा नशा मुक्ति जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली में ब्रह्मकुमारीज़ द्वारा आयोजित समर कैंप में सहभागी बच्चों, राजयोगियों तथा संस्था से जुड़े सैकड़ों भाई-बहनों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए समाज को नशा मुक्त बनाने का संदेश दिया। रैली का मुख्य आकर्षण नशे की जंजीरों में जकड़ी भारत माता की प्रेरणादायी झांकी रही। जिसने लोगों का ध्यान आकर्षित करते हुए नशे के दुष्परिणामों के प्रति जन जागरण का प्रभावशाली संदेश दिया। रैली के दौरान बच्चों ने नशा मुक्ति संबंधी नारों एवं संदेशों के माध्यम से नागरिकों को स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन शैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर सेवा केंद्र प्रभारी बीके मंजू दीदी ने कहा कि तंबाकू एवं अन्य प्रकार के नशे व्यक्ति, परिवार और समाज के लिए घातक हैं। उन्होंने सभी से नशे से दूर रहकर आध्यात्मिकता, नैतिक मूल्यों एवं राजयोग के माध्यम से स्वस्थ और खुशहाल जीवन अपनाने का आव्हान किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि नशा करना ही है तो नशा मेहनत और राष्ट्र प्रेम का करो। रैली के समापन अवसर पर केंद्रीय मंत्री डीडी उइके, आमला विधायक योगेश पंडाग्रे तथा मुलताई विधायक चंद्रशेखर देशमुख विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी जनप्रतिनिधियों ने ब्रह्माकुमारीज द्वारा चलाए जा रहे नशा मुक्ति एवं नैतिक जागरण अभियानों की सराहना करते हुए इसे समाज हित में अत्यंत महत्वपूर्ण पहल बताया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी नागरिकों को नशा मुक्त भारत, नशा मुक्त मध्यप्रदेश एवं नशा मुक्त समाज के निर्माण हेतु संकल्प भी दिलाया गया। अंत में सभी ने मिलकर अपने परिवार, समाज एवं राष्ट्र को नशे की बुराइयों से मुक्त बनाने के लिए सराहनीय योगदान देने का संकल्प लिया।