सोनभद्र।
जिले के रामपुर बरकोनिया थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह पुलिस और मादक पदार्थ तस्करों के बीच मुठभेड़ में एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से अफीम और डोडा सहित करीब 58.75 लाख रुपये का माल, नकदी, वाहन व अवैध हथियार बरामद किए गए हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, सोमवार सुबह संयुक्त टीम हाथी नाला पर वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध सफेद होंडा सिटी कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन कार सवार तस्करों ने गाड़ी की रफ्तार बढ़ाकर भागने लगे। पुलिस ने उनका पीछा किया और हाथी नाला से लगभग 30 किमी तक सलखन तक पैनी नज़र रखी। आरोपियों ने पीछा छुड़ाने के दौरान कई बार पुलिस वाहनों को टक्कर मारी और रास्ते में नोटों की गड्डियाँ फेंककर भागने की कोशिश की, जिसके बावजूद टीम ने पीछा जारी रखा।
पीछा करते हुए सलखन क्षेत्र में एसओजी का वाहन खराब हो गया। स्थानीय निवासी प्रदीप कुमार मोदनवाल ने अपनी निजी कार पुलिस को उपलब्ध कराई, जिससे अभियान जारी रखा जा सका। करीब 50 किमी के बाद चिरोई चौकी के पास तस्करों को घेराबंदी में पकड़ा गया। गिरफ्तारी अभियान में एसओजी की पांच टीमें तथा चोपन व राबर्टसगंज थानाओं की पुलिस शामिल थी।
घेराबंदी के दौरान आरोपी पुलिस पर फायरिंग करने लगे। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया और बाद में उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसका साथी पहाड़ी व जंगल के रास्ते भाग गया और उसकी तलाश जारी है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रिंस पुत्र सुरेंद्र सिंह निवासी लुधियाना पंजाब के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने बताया कि वह झारखंड के डालटनगंज क्षेत्र से मादक पदार्थ खरीदकर पंजाब ले जा रहा था। आरोपी के कब्जे से पुलिस ने 3 किग्रा अफीम अनुमानित कीमत 15 लाख रुपये, 225 किग्रा डोडा अनुमानित कीमत 33.75 लाख रुपये, एक होंडा सिटी कार, 50,000 रुपये नकद, एक .315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस व एक खोखा कारतूस बरामद किया। पुलिस के अनुसार बरामद माल तथा वाहन सहित कुल कीमत करीब 58.75 लाख रुपये का अंदाजा लगाई गई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर फरार साथी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिशें तेज कर दी हैं।पुलिस के अनुसार इस मामले की आगे की जांच जारी है।