सहारनपुर
सहारनपुर। महापौर डॉ. अजय कुमार ने मेला गुघाल के लिए संयोजक व सह-संयोजकों के नामों का ऐलान कर दिया। उन्होंने समाज के सभी वर्गो को सम्मान देते हुए समरसता का संदेश दिया। उल्लेखनीय है कि नगर निगम बोर्ड की बैठक में मेला गुघाल के संयोजक व सह संयोजक नियुक्त करने का अधिकार सदन ने सर्व सम्मति से महापौर डॉ. अजय कुमार को दिया था। उसी के तहत आज महापौर डॉ. अजय कुमार ने मेला गुघाल के लिए संयोजक व सह संयोजकों के नामों की घोषणा कर दी। वार्ड 41 के पार्षद संजय सैनी को मेला संयोजक बनाया गया है। जबकि सहसंयोजक के रुप में अलग-अलग वर्गो से चार महिला पार्षदों को सहसंयोजक बनाया गया है। इनमें वार्ड 46 की पार्षद ज्योति अग्रवाल, वार्ड 12 की पार्षद सीमा कात्यायनी, वार्ड 10 की पार्षद रेनू शर्मा व वार्ड 07 की पार्षद अल्पना शामिल है।
महापौर डॉ. अजय कुमार ने मेला संयोजक व सहसंयोजकों के नामों की घोषणा करते हुए कहा कि श्री जाहरवीर गोगा जी महाराज अगड़ो-पिछड़ो तथा प्रत्येक वर्ग के पूज्य है, इस दृष्टि से मेला गुघाल आस्था और श्रद्धा के साथ-साथ सौहार्द और समरसता का भी प्रतीक है। मेला संयोजक व सहसंयोजकों के मनोनयन में भी दलित, पिछड़ों, ब्राह्मणों तथा वैश्य समाज सभी वर्गो को प्रतिनिधित्व देकर सौहार्द और समरसता का संदेश देने की कोशिश की गयी है। महापौर ने बताया कि गत वर्षो की अपेक्षा इस वर्ष मेला और अधिक भव्य व आकर्षक हो, इसके लिए पूरी कार्ययोजना बनायी गयी है। उन्होंने महानगर के सभी लोगों से मेला आयोजन में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करने और सहयोग की अपील की है।
रमेश सैनी आशीष सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़