आंवला(बरेली)।
अलीगंज थाना क्षेत्र के राजपुर कला गांव में एक ग्रामीण द्वारा गांव के ही व्यक्ति पर उधार दिए गए रुपए न लौटाने और मांगने पर गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने इस संबंध में अलीगंज थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
ग्राम राजपुर कला निवासी अनुपम मिश्रा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उन्होंने अपने ही गांव के सुरेश माहेश्वरी पुत्र हजारी लाल को जरूरत पड़ने पर एक महीने के लिए ₹8,000 उधार दिए थे। इसके बाद, 15 अक्टूबर 2022 को सुरेश ने दुकान बनवाने का हवाला देकर धीरेंद्र पुत्र सदैव की गारंटी पर ₹30,000 और ले लिए। यह पूरा लेनदेन नकद में हुआ था और इसके लिए कोई चेक नहीं दिया गया था।
आगरा भाग गया आरोपी
आरोप है कि दो महीने बीत जाने पर जब अनुपम मिश्रा ने अपने पैसे वापस मांगे, तो सुरेश टालमटोल करने लगा और बाद में चुपचाप आगरा चला गया। पीड़ित ने जब उसे फोन किया, तो सुरेश ने कथित तौर पर गाली-गलौज की और कहा कि उसका कोई पैसा नहीं है, साथ ही दोबारा पैसे मांगने पर जान से मारने की धमकी दी।
दोबारा गारंटी के बाद भी मुकरा
शिकायत के अनुसार, बीते 15 अप्रैल 2026 को सुरेश माहेश्वरी वापस गांव लौटा। इस बार गांव के ही निहाल सिंह के ठेकेदार की गारंटी पर उसने कहा कि वह लोन करवा रहा है और एक महीने में पैसे लौटा देगा। लेकिन समय पूरा होने के बाद अब वह पैसे लौटाने से साफ इनकार कर रहा है।
वर्जन
मामले का प्रार्थना पत्र कांस्टेबल चमन राणा को प्राप्त हुआ है। अलीगंज थाना प्रभारी निरीक्षक जगत सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर दोनों पक्षों को थाने बुलाया जा रहा है। उनके बीच आपसी बातचीत के बाद जो भी निर्णय होगा, उसके आधार पर आगे की उचित वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
प्रवीन कुमार सक्सेना तहसील रिपोर्टर आंवला बरेली उत्तर प्रदेश