दुद्धी सोनभद्र।(विवेक सिंह)
तहसील क्षेत्र अंतर्गत के रेणुकूट के मुख्य बाजार के पास स्थित हिंडाल्को पेट्रोल पंप के समीप सोमवार सुबह एक युवक का शव उसके किराये के कमरे में फंदे से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पाकर पिपरी पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर शव को बाहर निकाला। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान सुरेश वर्मा (27) पुत्र महेंद्र वर्मा मूल निवासी भदौरा, गाजीपुर के रूप में हुई है। सुरेश रेणुकूट में अकेले किराये के मकान में रहकर हिंडाल्को में कर्मी के पद पर कार्यरत थे। सोमवार सुबह परिजन कई बार उसके मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ। लंबे समय तक संपर्क न होने पर परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने सिंगरौली में रहने वाले रिश्तेदार को सुरेश के कमरे पर भेजा।
रिश्तेदार जब कमरे पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद था। काफी आवाज लगाने और दस्तक देने के बावजूद भीतर से कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई। संदेह होने पर पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पिपरी थाना प्रभारी राजेश चौबे और पुलिस टीम पहुंची। पुलिस की मौजूदगी में कमरे का ताला तोड़कर भीतर देखा तो सुरेश का शव पंखे के सहारे फंदे से लटका था।
पुलिस ने शव को नीचे उतारकर पंचनामा भरने के बाद हिंडाल्को अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया। घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दे दी गई है और उनके रेणुकूट पहुंचने की प्रतीक्षा की जा रही है। चौकी प्रभारी जितेंद्र सरोज ने कहा कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है, लेकिन मौत के वास्तविक कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट व जांच के बाद ही चल सकेगा। पुलिस मामला की सभी पहलुओं से जांच शुरू कर दी है।