फतेहगंज पश्चिमी।
कस्बे के धनेटा फाटक स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान पर खरीदी गई शराब वापस लेने से इनकार करने पर कुछ युवकों ने सेल्समैन के साथ मारपीट कर दी। घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के गांव कुरतरा निवासी राकेश कुमार धनेटा फाटक स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान पर सेल्समैन के रूप में कार्यरत हैं। राकेश ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि मंगलवार दोपहर करीब चार युवक दुकान से शराब खरीदकर ले गए। लगभग आधे घंटे बाद वे वापस लौटे और खरीदी गई शराब को वापस करने की मांग करने लगे।
सेल्समैन ने उन्हें बताया कि शराब की बिक्री सरकारी स्कैनिंग मशीन के माध्यम से दर्ज होने के कारण बिक्री के बाद उसे वापस नहीं लिया जा सकता। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर युवकों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और विरोध करने पर हाथापाई करते हुए मारपीट कर दी।
शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कर सेल्समैन को बचाया। इस दौरान आरोपी युवक जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना पर यूपी-112 पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई।
पीड़ित सेल्समैन द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। देर शाम पुलिस ने आरोपित युवकों की तलाश में उनके घरों पर दबिश भी दी, लेकिन वे घर से फरार मिले।
थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीन कुमार ने बताया कि सेल्समैन की तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है तथा आरोपियों की तलाश में दबिश दी गई है। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
प्रवन पाण्डेय इंडियन टीवी न्यूज़ जिला संवाददाता बरेली