दुद्धी सोनभद्र।(विवेक सिंह)
तहसील क्षेत्र अंतर्गत के शक्तिनगर में पुलिस ने एनसीएल के खड़िया परियोजना क्षेत्र में हुई डीजल चोरी के मामले का पर्दाफाश करते हुए एक आरोपित को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लगभग 250 लीटर चोरी का डीजल और बोलेरो वाहन बरामद किया है। घटना में एनसीएल के एक सुरक्षा गार्ड की मिलीभगत की आशंका जताई जा रही है।पुलिस सूत्रों के अनुसार मामला 1 जून की रात का है जब एनसीएल की एक डोजर मशीन से करीब 250 लीटर डीजल चोरी कर लिया गया था। सूचना मिलने पर मामले में अपराध पंजीकृत कर जांच शुरू की गई थी। मुखबिर की सूचित स्थानांतरण पर हरदवा बस्ती स्थित एनसीएल खड़िया स्टेडियम के पास खड़ी बोलेरो की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन में रखे सात डिब्बों से चोरी का डीजल बरामद हुआ और झारखंड निवासी देवराज चौधरी को हिरासत में लिया गया।पूछताछ में देवराज ने स्वीकार किया कि एनसीएल में कार्यरत सुरक्षा गार्ड लाहौरी यादव ने मशीनों की सटीक लोकेशन व अन्य आवश्यक जानकारियाँ उपलब्ध कराकर चोरी में सहयोग किया था। पुलिस ने लाहौरी की भूमिका की भी जांच शुरू कर दी है और अन्य संदिग्धों की तलाश हेतु दबिशें दी जा रही हैं।
यह कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक सतेन्द्र कुमार राय के नेतृत्व में शक्तिनगर पुलिस टीम द्वारा अंजाम दी गई। पुलिस ने मामला आगे की जांच हेतु संबंधित अधिकारियों को भी सूचित कर दिया है।