राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
नगर निगम द्वारा शहर के वार्डों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और अधोसंरचना विकास के लिए लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं। इसी कड़ी में बी.डी. अग्रवाल वार्ड स्थित पुरानी मोहन टॉकीज के पीछे 38 लाख 50 हजार रुपये की लागत से स्वीकृत पेवर ब्लॉक फ्लोरिंग निर्माण कार्य का भूमिपूजन समारोह आयोजित किया गया।
विशेष बात यह रही कि विकास कार्य का शुभारंभ वार्ड की एक कन्या के करकमलों से कराया गया। इस अवसर पर महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी, क्षेत्रीय पार्षद एडवोकेट मौसूफ़ बिट्टू, मेयर इन काउंसिल के सदस्य एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
जनप्रतिनिधियों ने कहा कि पेवर ब्लॉक फ्लोरिंग कार्य पूर्ण होने के बाद क्षेत्रवासियों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी। साथ ही जलभराव, कीचड़ और मार्ग संबंधी समस्याओं से राहत मिलेगी। यह निर्माण कार्य न केवल नागरिक सुविधाओं को मजबूत करेगा, बल्कि वार्ड के सौंदर्यीकरण और समग्र विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
कार्यक्रम में मेयर इन काउंसिल सदस्य डॉ. रमेश सोनी, सुभाष शिब्बू साहू, जयनारायण निषाद, उमेंद्र अहिरवार, पार्षद शकुंतला सोनी, सीमा श्रीवास्तव, उपयंत्री पवन श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे। विकास कार्य के शुभारंभ पर स्थानीय लोगों ने नगर निगम और जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया।