मथुरा कोसीकला
मथुरा कोसीकलां क्षेत्र के एक गांव में बुधवार आधी रात को एक दरिंदा मां के पास सो रही 7 साल की मासूम बच्ची को अगवा कर श्मशान ले गया और वहां उसके साथ दुष्कर्म किया। वारदात के बाद आरोपी लहूलुहान हालत में बच्ची को बेसुध छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित बच्ची का पिता पेशे से टैक्सी चालक है। बुधवार रात बच्ची अपनी मां के साथ कमरे में सो रही थी। तभी आधी रात को गांव का ही 30 वर्षीय आरोपी राहुल खिड़की तोड़कर घर के अंदर दाखिल हुआ। आरोपी ने पहले मुख्य दरवाजा खोला और फिर सो रही मासूम का मुंह दबाकर उसे गोद में उठा लिया ताकि वह शोर न मचा सके।आरोपी बच्ची को घर से करीब 500 मीटर दूर श्मशान घाट ले गया, जहाँ उसने मासूम के साथ इस घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। सुबह करीब 4 बजे जब मां की आंख खुली तो बेटी को गायब देख उसके होश उड़ गए। परिजनों ने तुरंत खोजबीन शुरू की। करीब एक घंटे की तलाश के बाद परिजन जब गांव के श्मशान पहुंचे, तो वहां का नजारा देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। मासूम वहां लहूलुहान और बेसुध हालत में पड़ी थी। होश में आने पर बच्ची ने रोते हुए परिजनों को आरोपी राहुल की करतूत बताई।
भूषण वर्मा, सीओ (छाता) ने बताया है कि ,
“परिजनों की तहरीर के आधार पर आरोपी राहुल के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 30 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है और मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।”
मुकेश अग्रवाल की रिपोर्ट जिला मथुरा