कुल्हाड़ी से चाचा का सिर काटकर भतीजे ने अपने पिता की हत्या का बदला लिया। वारदात के बाद वह फरार हो गया था। पुलिस ने दबिश देकर उसे पकड़ लिया। कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली गई है। इस पूरे मामले को पुरानी रंजिश से जोड़कर देखा जा रहा है। यह घटना जालोर के अहोर थाना क्षेत्र के आहोर-शंखवाली मार्ग पर स्थित उप स्वास्थ्य केन्द्र के पास (जोगावा) की है। आहोर थाने के एएसआई रामेश्वरलाल ने बताया कि बुधवार दोपहर करीब 3:30 बजे जोगावा के रहने वाले अखाराम पुत्र दलाराम मेघवाल बस स्टैंड पर बनी पानी की टंकी के पास बैठे हुए थे। इसी दौरान उनका भतीजा वीजाराम पुत्र मोपाराम वहां कुल्हाड़ी लेकर पहुंचा। इससे पहले कि अखाराम कुछ समझ पाते, वीजाराम ने उसके सिर पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर चोट लगने के कारण अखाराम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही जालोर डीएसपी छतरसिंह और आहोर थानाधिकारी करणसिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की एमओबी (MOB) और एफएसएल (FSL) टीम को मौके पर बुलाया गया, जिन्होंने घटनास्थल से तकनीकी सबूत जुटाए। इसके बाद शव को आहोर हॉस्पिटल की मोर्चरी में रखवाया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गुरुवार को रिपोर्ट मिलने के बाद शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर शव परिजनों को सौंपा जाएगा और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें रवाना कर दी गई हैं।