गुमला
गुमला जिले के सिसई थाना क्षेत्र अंतर्गत मनाए जाने वाले दुर्गा पूजा, दशहरा, रावण दहन एवं मूर्ति विसर्जन को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर बुधवार शाम सिसई थाना परिसर में शांति समिति की बैठक हुई। संयुक्त अध्यक्षता सीओ अशोक बड़ाईक, बीडीओ रमेश कुमार यादव एवं थाना प्रभारी नीरज कुमार ने की।
बैठक में भदौली कुदरा दुर्गा पूजा समिति अध्यक्ष विक्रांत सिंह,थाना रोड दुर्गा पूजा समिति अध्यक्ष विनोद साहु एवं जागृति युवा क्लब रावण दहन समिति अध्यक्ष राहुल सिंह समेत क्षेत्र की 11 पूजा समितियों के पदाधिकारी शामिल हुए। इस दौरान पूजा, रावण दहन और मूर्ति विसर्जन के रूट चार्ट, यातायात नियंत्रण एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष चर्चा की गई। थाना प्रभारी ने पूजा समितियों से निर्धारित रूट का पालन करने तथा पर्व के दौरान शांति एवं आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की। वहीं, मूर्ति विसर्जन के दौरान युवाओं से नशापान से दूर रहने को कहा गया।
बीडीओ रमेश कुमार यादव ने सोशल मीडिया पर अफवाह अथवा गलत सूचना प्रसारित करने से बचने की अपील की। एसडीपीओ गुमला सुरेश प्रसाद यादव ने सभी पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाने का निर्देश दिया और प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
पूजा समिति के पदाधिकारियों ने पूजा से पूर्व सड़कों के गड्ढों की मरम्मत कराने तथा पंडालों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल की तैनाती की मांग प्रशासन के समक्ष रखी।
जिप अध्यक्ष किरण बाड़ा, जिप सदस्य विजयलक्ष्मी कुमारी समेत जनप्रतिनिधियों ने लोगों से आपसी सहयोग और भाईचारे के साथ दुर्गा पूजा एवं दशहरा मनाने की अपील की।
बैठक में जनप्रतिनिधि रेखा देवी, सुनीता देवी, जाकिर अली,समाजसेवी संजय वर्मा, मुकेश श्रीवास्तव डेविड, रोहित शर्मा, विपिन बिहारी झा, दिलीप गुप्ता, निरंजन सिंह, भैरो सिंह, बैबुल अंसारी, रहमान अंसारी, संजय महतो, चरवा उरांव, लक्ष्मी यादव, मनोज वर्मा, सुप्रदीप साहु, सूरज सिंह, कैप्टन लोहरा उरांव, जलेश्वर उरांव, रोहित घंटी, संदीप गुप्ता, प्रफुल्ल भगत समेत ग्रामीण एवं पुलिस पदाधिकारी तथा विभिन्न पूजा समितियों के सदस्य मौजूद रहे।
बैठक में प्रशासन और पूजा समितियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने पर जोर दिया गया। अंत में सभी जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारियों ने उपस्थित लोगों को दुर्गा पूजा की अग्रिम बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
शम्भु चौहान ब्यूरो चीफ