खबर कानपुर नगर
प्रथम चरण सात से नौ अक्टूबर तथा द्वितीय चरण बारह से चौदह अक्टूबर तक चलेगा जिलाधिकारी ने कहा प्रशिक्षण को गंभीरता से लें ताकि फील्ड में गुणवत्तापूर्ण जनगणना कराई जा सके जिलाधिकारी श्री महेंद्र सिंह तंवर ने आज कलेक्ट्रेट सभागार में जनगणना-2027 के द्वितीय चरण ‘जनसंख्या गणना’ के अंतर्गत फील्ड ट्रेनरों (FT) के लिए आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम का निरीक्षण किया तथा प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे फील्ड ट्रेनरों को संबोधित किया।
जनपद कानपुर नगर में जनसंख्या गणना का कार्य सुचारु एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से संपादित कराने के लिए कुल 186 फील्ड ट्रेनरों को 06 मास्टर ट्रेनरों द्वारा प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। प्रशिक्षण कार्यक्रम कलेक्ट्रेट तथा कानपुर विकास प्राधिकरण (KDA) में आयोजित किया जा रहा है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत प्रथम चरण में 07 से 09 अक्टूबर 2026 तथा द्वितीय चरण में 12, 13 एवं 14 अक्टूबर 2026 को कलेक्ट्रेट एवं KDA में फील्ड ट्रेनरों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रत्येक बैच में लगभग 40 फील्ड ट्रेनरों को प्रशिक्षित किया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने कहा कि सभी प्रशिक्षणार्थी प्रशिक्षण को पूरी गंभीरता एवं ध्यानपूर्वक प्राप्त करें, क्योंकि इसके बाद उन्हें फील्ड में जाकर महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का निर्वहन करना है। प्रशिक्षण जितना बेहतर होगा, फील्ड में कार्य की गुणवत्ता भी उतनी ही बेहतर होगी।
उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण को अधिक से अधिक इंटरैक्टिव रखा जाए, किसी भी शंका का समाधान बिना संकोच मास्टर ट्रेनरों से पूछकर करें ताकि फील्ड में समस्या न आए। सभी फील्ड ट्रेनर प्रत्येक सत्र में सक्रिय सहभागिता करें और जनगणना से संबंधित सभी प्रक्रियाओं व प्रपत्रों को भली-भांति समझें।
जिला क्राइम ब्यूरो- दीपक तिवारी, कानपुर