किशोर कुमार छत्तीसगढ़ स्टेट रिपोर्टर इंडियन टीवी न्यूज नेशनल
राजनांदगांव।
साइबर ठगी के एक मामले में अश्लील वीडियो देखने का आरोप लगाकर एक शिक्षिका से 4.5 लाख रुपये की ठगी करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों को टीकमगढ़ से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने शिक्षिका को फोन कर खुद को सरकारी एजेंसी और पुलिस अधिकारी बताकर डराया-धमकाया। उन्होंने कहा कि उनके मोबाइल नंबर से आपत्तिजनक और अश्लील सामग्री देखी गई है तथा उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई हो सकती है। गिरफ्तारी और बदनामी का भय दिखाकर आरोपियों ने पीड़िता को अपने जाल में फंसा लिया।
आरोपियों के दबाव में आकर शिक्षिका ने अलग-अलग खातों में कुल 4.5 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। बाद में ठगी का एहसास होने पर उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के बाद साइबर सेल और पुलिस की संयुक्त टीम ने तकनीकी जांच शुरू की। बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और डिजिटल लेनदेन के आधार पर आरोपियों की पहचान कर मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ में दबिश दी गई, जहां से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से मोबाइल फोन, सिम कार्ड, बैंक दस्तावेज और साइबर ठगी से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए हैं। मामले की जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपियों ने अन्य राज्यों में भी इसी तरह की वारदातों को अंजाम दिया है या नहीं।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल, वीडियो कॉल या स्वयं को अधिकारी बताने वाले व्यक्ति की बातों में न आएं। किसी भी प्रकार की साइबर ठगी की आशंका होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 या नजदीकी पुलिस थाने में संपर्क करें।