भिलाई।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर सांई नाथ जन सेवा समिति, भिलाई (छत्तीसगढ़) द्वारा प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष भी अंबेडकर चौक, पावर हाउस, भिलाई में नि:शुल्क पौधा वितरण एवं जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान राहगीरों एवं आम नागरिकों को नि:शुल्क पौधे वितरित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
समिति के सदस्यों ने उपस्थित लोगों को पर्यावरण संरक्षण के महत्व से अवगत कराते हुए अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने तथा उनके संरक्षण का संकल्प लेने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर कुल 40 पौधों का वितरण किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लोगों को प्रदूषण से बचाव, हरित वातावरण के निर्माण तथा प्रकृति संरक्षण के प्रति जागरूक करना था।
समिति ने नागरिकों से अपील की कि केवल पौधा लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसे सुरक्षित स्थान पर लगाकर पेड़ बनने तक उसकी नियमित देखभाल एवं सुरक्षा करना भी हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।
वर्तमान समय में बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और पर्यावरणीय असंतुलन को देखते हुए प्रत्येक व्यक्ति को प्रकृति संरक्षण में अपनी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
समिति के अध्यक्ष जी. माधव राव ने कहा कि, “वृक्ष हमारे जीवन का आधार हैं। यदि हम आज एक पौधे की रक्षा करेंगे तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं स्वस्थ पर्यावरण प्रदान कर सकेंगे। पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि जीवनभर निभाई जाने वाली जिम्मेदारी है।”
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने पर्यावरण संरक्षण, पौधारोपण एवं वृक्षों की सुरक्षा का संकल्प लिया। समिति ने भविष्य में भी जनजागरूकता एवं सेवा कार्यों के माध्यम से समाज को पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रेरित करते रहने का संकल्प व्यक्त किया।
इस नि:शुल्क पौधा वितरण कार्यक्रम में मुख्य रूप से डॉ. के. चिरंजीवुलू, के. उमाशंकर राव, एम. पापाराव, सीएच. अप्पलस्वामी, जी. माधव राव, अनमोल, पी. भरत, एल. चरण राज एवं धीरज कुमार सहित अन्य सदस्य एवं नागरिक उपस्थित रहे।