बरेली प्रशासन केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर चलाए जा रहे ‘विकास, सेवा, सुशासन एवं जनकल्याण’ अभियान के तहत अब गांवों में रात्रि चौपालों के माध्यम से सीधे जनता के बीच पहुंचेगा। 11 जून से 21 जून तक जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों में आयोजित होने वाली इन चौपालों में ग्रामीण अपनी समस्याएं सीधे अधिकारियों के समक्ष रख सकेंगे, जबकि शिकायतों के तत्काल निस्तारण पर विशेष जोर रहेगा।
जिलाधिकारी अविनाश सिंह द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार रात्रि चौपालों का उद्देश्य केवल जनसमस्याओं का समाधान करना नहीं, बल्कि केंद्र और राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जमीनी स्थिति की भी पड़ताल करना है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे गांवों में पहुंचकर विकास कार्यों का निरीक्षण करें, पात्र लाभार्थियों की स्थिति जांचें तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।
कार्यक्रम के तहत 11 जून को भोजीपुरा ब्लॉक की ग्राम पंचायत सुरला, 13 जून को बहेड़ी ब्लॉक की ग्राम पंचायत रतनगढ़, 15 जून को भुता ब्लॉक की ग्राम पंचायत टिसुआ, 17 जून को मीरगंज ब्लॉक की ग्राम पंचायत नरखेड़ा, 19 जून को रामनगर ब्लॉक की ग्राम पंचायत मनौना तथा 21 जून को नवाबगंज ब्लॉक की ग्राम पंचायत ग्रेम में रात्रि चौपाल आयोजित की जाएगी।
इसके अतिरिक्त 12 जून को बिथरीचैनपुर ब्लॉक की ग्राम पंचायत लढ़िया स्थित मलिन बस्ती एवं अनुसूचित जाति बहुल क्षेत्र में विशेष स्वच्छता अभियान के साथ जन-चौपाल का आयोजन होगा। यहां स्वच्छता, पेयजल, आवास, पेंशन, राशन, विद्युत आपूर्ति, स्वास्थ्य सेवाओं सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की स्थिति की समीक्षा की जाएगी और पात्र लाभार्थियों से सीधा संवाद किया जाएगा।
जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने सभी उप जिलाधिकारियों, तहसीलदारों, खंड विकास अधिकारियों तथा जिला स्तरीय अधिकारियों की चौपालों में अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही स्पष्ट किया है कि जनता से प्राप्त शिकायतों का त्वरित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए, ताकि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी ढंग से पहुंच सके।
ब्यूरो बरेली प्रमोद शर्मा