संतन दास मानिकपुरी ब्यूरो चीफ महासमुदं छतीसगढ
महासमुंद
छत्तीसगढ़ राज्य कृषक कल्याण परिषद के अध्यक्ष सुरेश चंद्रवंशी ने आज कार्यालय उप संचालक कृषि के सभा कक्ष में कृषि एवं समवर्गीय विभागों तथा कृषि विज्ञान केन्द्र के वैज्ञानिकों एवं अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में विभागीय योजनाओं की प्रगति, आगामी खरीफ सीजन की कार्ययोजना एवं किसानों के हित से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में अध्यक्ष श्री चंद्रवंशी ने जिले के सभी सहकारी समितियों में किसानों के लिए खाद एवं बीज की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा निर्धारित दर पर वितरण व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों को समय पर आवश्यक कृषि आदान उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है। उन्होंने किसानों के समग्र विकास के लिए फसल विविधिकरण को बढ़ावा देने, योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने तथा मैदानी स्तर पर किसानों की समस्याओं का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। विभागीय कार्ययोजना में किसानों के सुझावों एवं समस्याओं को शामिल कर शासन स्तर पर भेजने कहा गया।
बैठक में खेत बचाओ अभियान के तहत रासायनिक खेती के स्थान पर जैविक एवं प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करने, दलहन एवं तिलहन फसलों का रकबा बढ़ाने, किसानों को प्रशिक्षण देने और जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया गया। साथ ही सिंचाई व्यवस्था के विस्तार एवं विभिन्न योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक किसानों तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए। बैठक में संयुक्त संचालक कृषि श्री एल.आर. खरे, उप संचालक कृषि श्री एफ.आर. कश्यप, कृषि विज्ञान केन्द्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक श्री आर.एल. शर्मा, उद्यानिकी विभाग, मत्स्य पालन विभाग, सिंचाई विभाग, जिला विपणन संघ, जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं किसान उपस्थित रहे।