सहारनपुर
सहारनपुर। जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने गुरुवार को शाकम्भरी देवी मंदिर क्षेत्र का निरीक्षण कर बाढ़ सुरक्षा, पर्यटन विकास और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मां शाकम्भरी देवी के दर्शन कर पूजा-अर्चना भी की। डीएम ने मंदिर परिसर में पीए सिस्टम, सीसीटीवी कैमरे और अर्ली वार्निंग सिस्टम स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने दुकानों के आसपास साफ-सफाई बनाए रखने तथा बाजार क्षेत्र को व्यवस्थित और आकर्षक बनाने पर जोर दिया। पर्यटकों की सुरक्षा के लिए पर्यटन थाना स्थापित करने हेतु भूमि चिन्हित करने तथा तब तक अस्थायी पर्यटन थाना संचालित करने के निर्देश भी दिए गए। प्रस्तावित पुल निर्माण कार्य की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करने तथा आवश्यकता पड़ने पर विशेषज्ञों की राय लेने को कहा। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ शाकम्भरी देवी क्षेत्र को सुरक्षित, स्वच्छ और आधुनिक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए।
रमेश सैनी आशीष सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़