बालोद।
छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के भेड़िया नवागांव, बोड़की और आसपास के गांवों में शुक्रवार सुबह आए तेज आंधी-तूफान ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। तेज हवाओं और खराब मौसम के चलते कई स्थानों पर भारी नुकसान की खबर है।
आंधी की वजह से कई मकानों की छतें उड़ गईं, पेड़ और बिजली के खंभे गिर गए, जिससे कई इलाकों में विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। किसानों की खेतों में खड़ी फसलों और बागवानी को भी नुकसान पहुंचा है, जिससे ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है।
स्थानीय प्रशासन को घटना की सूचना मिलते ही राजस्व और बिजली विभाग की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचीं और नुकसान का आकलन शुरू कर दिया।
गिरे हुए पेड़ों को हटाने और बिजली व्यवस्था बहाल करने का काम तेजी से किया जा रहा है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से क्षति का सर्वे कर प्रभावित परिवारों और किसानों को जल्द से जल्द उचित मुआवजा देने की मांग की है।
वहीं अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि नुकसान का आंकलन पूरा होने के बाद नियमानुसार सहायता प्रदान की जाएगी।
तेज आंधी-तूफान के चलते लोगों से मौसम सामान्य होने तक सावधानी बरतने और अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने की अपील भी की गई है।