उरई(जालौन):
(अनिल कुमार ओझा/ITN news)
जालौन कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार देर रात पुलिस और एक शातिर बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया। जानकारी के अनुसार एसओजी, सर्विलांस टीम और जालौन कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम देर रात जालौन-कोंच मार्ग पर ग्राम लोना जाने वाले रास्ते के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर एक संदिग्ध युवक को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस द्वारा की गई आत्मरक्षार्थ कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान छोटेलाल उर्फ लादेन पुत्र कमलेश निवासी चुर्खी के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आरोपी के खिलाफ पूर्व से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। उसके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है। मुठभेड़ की सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा उसके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है।