दुद्धी सोनभद्र।(विवेक सिंह)
कोतवाली क्षेत्र में चोरी की घटनाओं में बढ़ोतरी से इलाके के लोग भयभीत हैं। रविवार को रजखड़ के निवासी सफाई कर्मचारी संघ के ब्लॉक अध्यक्ष जयप्रकाश ने कोतवाली दुद्धी के प्रभारी निरीक्षक को लिखित शिकायत देकर बताया कि शनिवार रात उनके घर चोरी हो गई। प्रार्थी ने बताया कि चोरों ने पीछे से खिड़की तोड़कर घर में प्रवेश किया और घर में रखे बक्से से कान के झुमके, कान का टप, मंगलसूत्र, पजेव, मनटिका, छोटा पायल और नथिया चुरा ले गए।
जयप्रकाश ने शिकायत में कहा है कि सुबह उठने पर उन्होंने मामला देखा और तत्पश्चात् पुलिस से उचित कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने घटना का विवरण देते हुए कहा कि वे मूल रूप से रजखड़ के निवासी हैं और इस प्रकार की घटनाएँ स्थानीय लोगों में दहशत पैदा कर रही हैं।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि दुद्धी क्षेत्र में हाल के महीनों में चोरी की घटनाओं में वृद्धि हुई है और कई मामलों का संतोषजनक समाधान नहीं होने के कारण अपराधियों के हौसले बढ़ गए हैं।प्राप्त जानकारी के अनुसार, 2 जून 2026 को पहले खजुरी गांव में अमित जायसवाल के घर चोरी की घटना दर्ज हुई थी। साथ ही पिछले एक माह के भीतर धनौरा गांव 13 मई 2026 और 23 अप्रैल 2026 को रेलवे स्टेशन रोड पर एक भाजपा नेता के घर भी चोरी की घटनाएँ हुईं।इसके अलावा तमाम चोरी के मामलों में अभी तक कोई ठोस गिरफ्तारी या खुलासा नहीं हुआ है।
स्थानीय लोग पुलिस से त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं ताकि आगे चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके और सामान्य जनजीवन को सुरक्षित बनाया जा सके। मामले को लेकर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि चोरी की घटना का शिकायती पत्र प्राप्त हुई है जिसकी जांच की जा रही है और जल्द खुलासे का प्रयास किया जाएगा ।उधर लाखों के गहने चोरी होने से पीड़ित की पत्नी का रो रो कर बुराहाल है ।