मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर भाजपा ने स्वच्छता अभियान चलाया
दुद्धी सोनभद्र ।(विवेक सिंह) मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर शनिवार को दुद्धी मंडल भाजपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दुद्धी नगर पंचायत स्थित शिवाजी तालाब पर स्वच्छता अभियान चलाया। अभियान के दौरान कार्यकर्ताओं ने तालाब, मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों की सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया।
कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं ने लोगों को स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए जागरूक किया और स्वच्छ भारत अभियान के उद्देश्यों को घर-घर तक पहुंचाने का संकल्प लिया। दुद्धी नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी अभियान नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी से स्वच्छ, स्वस्थ और सुंदर भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा अपने आसपास के क्षेत्रों को साफ रखने का आवाहन किया।
मंडल अध्यक्ष दीपक शाह और स्वच्छता अभियान के संयोजक मनीष जायसवाल ने बताया कि यह कार्यक्रम संगठन के निर्देश पर प्रधानमंत्री के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे ’12 साल बेमिसाल’ पखवाड़े के अंतर्गत किया गया। यह पखवाड़ा 5 जून से 21 जून तक प्रतिदिन सेवा कार्यों के माध्यम से चल रहा है। आज इसी कड़ी में तालाब पर सफाई अभियान किया गया। तालाब की सफाई के दौरान कार्यकर्ताओं को विभिन्न प्रकार का कचरा तथा कुछ शराब व बियर की बोतलें भी मिलीं। आयोजकों ने प्रशासन का ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि तालाब के आसपास इस तरह के कृत्यों पर सख्त निगरानी कर आवश्यक कार्रवाई की जाए, जिससे भविष्य में ऐसे कृत्य न हों।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से भाजपा जिलामंत्री मनोज सिंह (बबलू), मंडल उपाध्यक्ष पंकज अग्रहरि (बुल्लू), स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर जितेंद्र चंद्रवंशी, मंडल महामंत्री अंशुमान रॉय, युवा मोर्चा अध्यक्ष अजय चंद्रवँशी, बूथ अध्यक्ष विकास मद्धेशिया, विकास सोनी, धीरज जायसवाल सहित अन्य नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।