बिहार लोक सेवा आयोग में चयनित होकर अर्पित पांडेय बने म्युनिसिपल कमिश्नर, क्षेत्र में खुशी की लहर
शहजाद आलम जिला संवाददाता सिद्धार्थनगर
सिद्धार्थनगर। जनपद सिद्धार्थनगर के शोहरतगढ़ निवासी एवं रघुवर प्रसाद जयसवाल सरस्वती शिशु मंदिर इंटर कॉलेज, तेतरी बाजार के वर्ष 2007 बैच (हाईस्कूल) के पूर्व छात्र अर्पित पांडेय “राम” का बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) के माध्यम से म्युनिसिपल कमिश्नर पद पर चयन होने पर क्षेत्र में हर्ष और गौरव का माहौल है। उनकी इस उल्लेखनीय सफलता पर विद्यालय परिवार, शिक्षकों, पूर्व छात्रों एवं शुभचिंतकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
अर्पित पांडेय, राकेश पांडेय एवं राजेश्वरी पांडेय के सुपुत्र हैं। उन्होंने अपनी मेहनत, लगन, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के बल पर यह महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। उनकी सफलता न केवल उनके परिवार के लिए गर्व का विषय है, बल्कि पूरे क्षेत्र और जनपद के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत भी बन गई है।
विद्यालय प्रशासन ने कहा कि अर्पित पांडेय छात्र जीवन से ही मेधावी, परिश्रमी और लक्ष्य के प्रति समर्पित रहे हैं। उनकी यह उपलब्धि विद्यालय के लिए भी गौरव का विषय है। विद्यालय के शिक्षकों ने विश्वास जताया कि वे अपने नए दायित्वों का कुशलतापूर्वक निर्वहन करते हुए प्रशासनिक क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करेंगे तथा समाज के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
रघुवर प्रसाद जयसवाल सरस्वती शिशु मंदिर इंटर कॉलेज, तेतरी बाजार परिवार ने अर्पित पांडेय को इस शानदार सफलता के लिए हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। विद्यालय परिवार ने ईश्वर से प्रार्थना की है कि वे निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर रहें और अपने कार्यों से जनपद तथा प्रदेश का नाम रोशन करते रहें।
अर्पित पांडेय की यह उपलब्धि सिद्धार्थनगर के युवाओं के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण है, जो यह संदेश देती है कि कठिन परिश्रम, आत्मविश्वास और दृढ़ इच्छाशक्ति के बल पर किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।