सीतामढ़ी। जिले के बथनाहा प्रखंड अंतर्गत पंथपाकर गांव के समीप सड़क किनारे बड़ी मात्रा में सरकारी दवाएं फेंके जाने का मामला सामने आया है। सड़क किनारे करीब 30 बोरा सरकारी दवाएं मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
स्थानीय ग्रामीणों ने मामले की सूचना तत्काल स्वास्थ्य विभाग को दी। सूचना मिलते ही बथनाहा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ. महिमा मोहन, हेल्थ मैनेजर रंजन कुमार तथा प्रधान लिपिक दीपक कुमार मौके पर पहुंचे और फेंकी गई दवाओं की जांच-पड़ताल शुरू की।
प्राथमिक जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि दवाएं किस विभाग अथवा स्वास्थ्य केंद्र से संबंधित हैं तथा इन्हें सड़क किनारे किसने और किन परिस्थितियों में फेंका। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने दवाओं की गुणवत्ता, एक्सपायरी तिथि और उपलब्ध स्टॉक से मिलान की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
इस घटना ने सरकारी दवाओं के रखरखाव और वितरण व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल स्वास्थ्य विभाग पूरे मामले की जांच में जुटा हुआ है और जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट: पुष्पक सिंह, संवाददाता, सीतामढ़ी