मुरैना जिले में री-नीट परीक्षा शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न,,,,,,
रिपोर्ट अजय सिंह तोमर
मुरैना,,,,,,,,,,कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण
2,152 परीक्षार्थी हुए शामिल, 214 रहे अनुपस्थित
राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (री-नीट) का आयोजन रविवार को मुरैना जिले के सभी सात परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। परीक्षा के निष्पक्ष एवं पारदर्शी संचालन के लिए जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षा, निगरानी एवं व्यवस्थागत प्रबंधन के व्यापक और प्रभावी इंतजाम किए गए थे।
परीक्षा के दौरान कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जांगिड़ एवं पुलिस अधीक्षक श्री धर्मराज मीणा ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने केंद्राध्यक्षों एवं संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर परीक्षा संचालन की स्थिति की जानकारी प्राप्त की तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी निगरानी, प्रवेश नियंत्रण व्यवस्था तथा परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए आवश्यक प्रबंध किए गए थे, जिससे परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सकी।
जिले के सात परीक्षा केंद्रों पर कुल 2,366 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 2,152 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए, जबकि 214 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। जिला प्रशासन के अनुसार परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था अथवा अप्रिय घटना की सूचना प्राप्त नहीं हुई और परीक्षा पूरी पारदर्शिता तथा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप संपन्न हुई।
परीक्षा केंद्रवार उपस्थिति के अनुसार पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, मुरैना में पंजीकृत 480 परीक्षार्थियों में से 447 उपस्थित रहे तथा 33 अनुपस्थित रहे। शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-1, मुरैना में 470 में से 421 परीक्षार्थी उपस्थित हुए, जबकि 49 अनुपस्थित रहे। शासकीय विधि महाविद्यालय, मुरैना में 360 में से 329 परीक्षार्थी उपस्थित एवं 31 अनुपस्थित रहे। शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज, मुरैना में 288 में से 263 परीक्षार्थी उपस्थित हुए तथा 25 अनुपस्थित रहे। पीएम कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, मुरैना में 288 में से 254 परीक्षार्थी उपस्थित रहे और 34 अनुपस्थित रहे। मॉडल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, मुरैना में 240 में से 222 परीक्षार्थी उपस्थित हुए, जबकि 18 अनुपस्थित रहे। इसी प्रकार शासकीय स्नातकोत्तर कन्या महाविद्यालय, मुरैना में 240 में से 216 परीक्षार्थी उपस्थित रहे तथा 24 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे,