ओडिशा के बालेश्वर जिले के जलेश्वर ब्लॉक के शिखरपुर-रायबनिया मार्ग पर अवैध रूप से खड़े सैकड़ों बालू डंपरों के कारण एक बड़ा हादसा हो गया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने टायर जलाकर सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। लोगों ने अवैध बालू परिवहन पर रोक लगाने और घायल दंपति को मुआवजा देने की मांग की।
जलेश्वर ब्लॉक के शिखरपुर चौक पर सड़क के दोनों ओर सैकड़ों बालू लदे डंपरों की अवैध पार्किंग से लंबे समय से यातायात प्रभावित हो रहा है। शनिवार दोपहर एक डंपर ने अस्पताल जा रहे स्कूटी सवार दंपति को टक्कर मार दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना से नाराज ग्रामीणों ने टायर जलाकर कई घंटों तक सड़क जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि बरसात के मौसम में बालू खनन पर प्रतिबंध होने के बावजूद सुवर्णरेखा नदी से मशीनों के जरिए बड़े पैमाने पर अवैध बालू खनन किया जा रहा है और सैकड़ों डंपरों से पश्चिम बंगाल भेजा जा रहा है।
ग्रामीणों ने घायलों को उचित मुआवजा, अवैध बालू परिवहन पर रोक तथा ग्रामीण विकास विभाग की सड़क पर भारी वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध लगाने की मांग की। सड़क जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
सूचना मिलने पर जलेश्वर थाना प्रभारी अशोक कुमार बारिक मौके पर पहुंचे। उन्होंने अवैध रूप से पार्क किए गए वाहनों पर कार्रवाई और जुर्माना लगाने का आश्वासन दिया, जिसके बाद प्रदर्शनकारियों ने अपना आंदोलन समाप्त कर सड़क जाम हटा लिया।
रिपोर्ट: ज्योतिरंजन पत्तायत, बालेश्वर।