कासगंज जनपद के पटियाली थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक कार की डिग्गी से युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने संदिग्ध अवस्था में खड़ी कार की तलाशी ली, जिसमें डिग्गी से एक शव बरामद हुआ।
मृतक की पहचान राहुल पांडे (37 वर्ष) निवासी ग्राम कसेला, थाना जैथरा, जनपद एटा के रूप में हुई। वह श्री माधवनंद इंटर कॉलेज में सहायक लिपिक के पद पर कार्यरत थे।
मृतक के पिता रामतीर्थ द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर कॉलेज के प्रधानाचार्य कृष्णकुमार एवं दो अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
परिजनों के अनुसार, विवाद की सूचना मिलने पर वे कॉलेज पहुंचे, जहां खून के निशान मिले लेकिन राहुल नहीं मिले। बाद में पटियाली क्षेत्र में कार की डिग्गी से उनका शव बरामद हुआ। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।