राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। जिले में सड़क और यात्री सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बुधवार को कटनी बस स्टैंड पर परिवहन एवं यातायात विभाग की संयुक्त टीम ने सघन जांच अभियान चलाया। कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी संतोष पॉल के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में यात्री बसों की सुरक्षा व्यवस्थाओं और आवश्यक दस्तावेजों की बारीकी से जांच की गई।
अभियान के दौरान कुल 41 यात्री बसों का निरीक्षण किया गया। जांच में 7 बसों में विभिन्न प्रकार की अनियमितताएं पाए जाने पर मोटरयान अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई करते हुए कुल 7 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। साथ ही वाहन संचालकों को भविष्य में सभी नियमों का कड़ाई से पालन करने की चेतावनी दी गई।
जांच के दौरान सबसे गंभीर मामला उन 8 बसों में सामने आया, जिनमें इमरजेंसी डोर के सामने सीटें लगाकर सुरक्षा मानकों का उल्लंघन किया गया था। यात्रियों की सुरक्षा से जुड़ी इस गंभीर लापरवाही को देखते हुए संबंधित बसों की फिटनेस तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दी गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि निर्धारित मानकों के अनुरूप सुधार और पुनः निरीक्षण के बाद ही इन वाहनों की फिटनेस बहाल की जाएगी।
अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी संतोष पॉल ने कहा कि यात्री वाहनों में सुरक्षा मानकों से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने बस संचालकों से वाहनों का नियमित रखरखाव कराने, इमरजेंसी निकास को पूरी तरह सुरक्षित रखने तथा सभी वैधानिक दस्तावेज अद्यतन रखने की अपील की।
अभियान के दौरान वाहन चालकों और परिचालकों को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक भी किया गया। अधिकारियों ने कहा कि यातायात नियमों का पालन केवल कानूनी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि यात्रियों के जीवन की सुरक्षा से जुड़ा महत्वपूर्ण दायित्व है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ओवरलोडिंग, सुरक्षा मानकों की अनदेखी और परिवहन नियमों के उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ जिले में इस तरह के संयुक्त जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।