कटनी। विजयराघवगढ़ थाना पुलिस ने दुष्कर्म के एक गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जिला जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं एसडीओपी विजयराघवगढ़ वीरेंद्र धार्वे के निर्देशन में थाना प्रभारी अभिषेक चौबे के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, 30 जून 2026 को पीड़िता की शिकायत पर महिला थाना में जीरो एफआईआर दर्ज किए जाने के बाद मामला विजयराघवगढ़ थाना स्थानांतरित हुआ, जहां भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।
शिकायत में पीड़िता ने बताया कि आरोपी प्रशांत उर्फ शेरा मिश्रा (49), निवासी ग्राम बड़गइयां सलैया, थाना विजयराघवगढ़, उसकी सहेली का पति है। इसी परिचय के कारण दोनों के बीच संपर्क हुआ। आरोप है कि आरोपी पिछले करीब दो माह से पीड़िता पर बातचीत का दबाव बना रहा था। 15 जून 2026 को, जब पीड़िता का पति धार्मिक प्रवचन के सिलसिले में बाहर गया हुआ था, तब आरोपी ने कथित रूप से पीड़िता के घर में घुसकर उसके साथ दुष्कर्म किया।
पीड़िता ने पति के लौटने पर पूरी घटना की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश पर आरोपी को न्यायिक हिरासत में जिला जेल कटनी भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अभिषेक चौबे, उप निरीक्षक रामकुमार झारिया, एएसआई जगदीश पांडे, आरक्षक पप्पू प्रजापति, अंजनी झा एवं आरक्षक चालक मज्जू कोल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इंडियन टीवी न्यूज़ कैमोर से श्याम गुप्ता की रिपोर्ट