कैमोर। जनपद पंचायत विजयराघवगढ़ अंतर्गत ग्राम पंचायत सलैया कोहारी में विकास कार्यों को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी देखने को मिल रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम पंचायत क्षेत्र में विकास कार्यों के नाम पर केवल दीवार लेखन कराए गए हैं, जबकि जमीनी स्तर पर मूलभूत सुविधाओं का अभाव बना हुआ है।कैमोर से सटे इस ग्राम पंचायत की मुख्य सड़क बरसात के दौरान दलदल में तब्दील हो गई है। सड़क पर कीचड़ और जलभराव के कारण ग्रामीणों का आवागमन प्रभावित हो रहा है। सबसे अधिक परेशानी स्कूल जाने वाले छात्र-छात्राओं को उठानी पड़ रही है, जिन्हें रोजाना कीचड़ भरे रास्तों से होकर विद्यालय पहुंचना पड़ता है।ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि क्षेत्र में संचालित ACC द्वारा CSR (कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व) मद के तहत कोई उल्लेखनीय विकास कार्य नहीं कराया गया। उनका कहना है कि यदि सड़क, नाली और अन्य आधारभूत सुविधाओं पर ध्यान दिया जाता तो आज यह स्थिति निर्मित नहीं होती।ग्रामीणों ने प्रशासन एवं संबंधित अधिकारियों से सड़क का तत्काल निर्माण कराने तथा ग्राम पंचायत में वास्तविक विकास कार्य सुनिश्चित करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि विकास केवल कागजों और दीवारों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उसका लाभ आम जनता तक पहुंचना चाहिए।ग्रामीणों का सवाल
“जब विकास कार्यों के नाम पर केवल दीवार लेखन ही दिखाई दे रहा है, तो आखिर जमीनी विकास कहां हुआ?”
इंडियन टीवी न्यूज़ कैमोर से श्याम गुप्ता की रिपोर्ट