दुद्धी सोनभद्र।(विवेक सिंह) काफी लंबे समय से बनकर तैयार गौशाला का उद्घाटन का प्रतीक्षा था जो आखिरकार पूरा हुआ। आज विकास खंड अंतर्गत स्थित रजखड़ गांव में बुधवार को “गावो विश्वस्य मातरः” के तहत नवनिर्मित गौशाला का उदघाटन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. अजय कुमार मिश्र रहे, जिन्होंने गौशाला का विधिवत उद्घाटन किया और उपस्थित लोगों को परियोजना के उद्देश्य से अवगत कराया।
डॉ. मिश्र ने कहा कि सरकार पशु कल्याण और गौशालाओं के विकास के लिए विशेष योजनाएँ चला रही है। उन्होंने बताया कि गौशाला से मिलने वाला गोबर और गौमूत्र से निर्मित जैविक खाद स्थानीय किसानों को लाभ पहुंचाएगा और जैविक खेती को बढ़ावा देगा। गौशाला में पशुओं को रखने के लिए पर्याप्त संख्या में शासन के द्वारा व्यवस्था की गई है।
गौशाला का संचालन प्रकृति संस्कृति संस्था को सौंपा गया है। उद्घाटन समारोह में संजय चंद्रवंशी, गणेश मिश्रा, सदानंद सोनी, ब्रजेश कुशवाहा, विंध्याचल कुशवाहा सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।