राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर में श्रद्धालुओं के चढ़ावे और दान राशि से जुड़े कथित अनियमितता एवं चोरी के मामले की CBI जांच की मांग को लेकर महिला कांग्रेस ने बुधवार को कटनी सिटी सीएसपी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन प्रधानमंत्री, केंद्रीय गृह मंत्री, CBI निदेशक, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री तथा उत्तर प्रदेश एवं मध्यप्रदेश के पुलिस महानिदेशकों के नाम प्रेषित किया गया।
महिला कांग्रेस की प्रदेश महासचिव सौम्या राँधेलिया के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि इस मामले से करोड़ों श्रद्धालुओं की धार्मिक आस्था प्रभावित हुई है। इसलिए पूरे प्रकरण की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच किसी स्वतंत्र केंद्रीय एजेंसी, विशेष रूप से CBI, से कराई जाए। साथ ही यदि जांच में कोई भी व्यक्ति दोषी पाया जाता है तो उसके विरुद्ध कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाए।
ज्ञापन में मंदिर के दान-पात्र, लेखा-जोखा, सीसीटीवी फुटेज एवं अन्य साक्ष्यों को सुरक्षित रखते हुए वैज्ञानिक और पारदर्शी जांच कराने की मांग की गई। इसके अलावा मंदिर ट्रस्ट को सूचना के अधिकार (RTI) के दायरे में लाने तथा दान राशि के वित्तीय प्रबंधन में अधिक पारदर्शिता सुनिश्चित करने की भी मांग उठाई गई।
महिला कांग्रेस का कहना है कि वर्तमान में इस मामले में एसआईटी जांच चल रही है और कई लोगों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किए जा चुके हैं, लेकिन अब तक कथित मास्टरमाइंड की गिरफ्तारी नहीं हुई है। संगठन ने मामले की निष्पक्ष जांच कराकर पूरे घटनाक्रम का खुलासा करने की मांग की है।
प्रदेश महासचिव सौम्या राँधेलिया ने कहा कि महिला कांग्रेस का उद्देश्य किसी निर्दोष व्यक्ति पर आरोप लगाना नहीं, बल्कि निष्पक्ष जांच के माध्यम से सत्य को सामने लाना और दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित कराना है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान मीनाक्षी वल्लवी, हेमा शर्मा, माया चौधरी, नीरा सोनी, मनीषा सिंह और सौम्या परमार सहित महिला कांग्रेस की पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।