राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। नगर पालिक निगम कटनी की निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने बुधवार को केसीएस विद्यालय और निर्माणाधीन ई-लाइब्रेरी का निरीक्षण कर चल रहे निर्माण एवं उन्नयन कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य तय समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता और तकनीकी मानकों के अनुरूप पूरे किए जाएं, ताकि विद्यार्थियों को जल्द बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिल सकें।
निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने कक्षाओं में पुट्टी, रंगाई-पुताई, फ्लोर टाइल्स, विद्युत फिटिंग, मरम्मत कार्य, खेल मैदान, मंच तथा शिक्षकों और छात्राओं के लिए बनाए जा रहे शौचालयों का जायजा लिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा तथा नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने केसीएस कन्या शाला और निर्माणाधीन ई-लाइब्रेरी के लिए अलग-अलग प्रवेश द्वार बनाने के भी निर्देश दिए, ताकि छात्राओं की सुरक्षा और सुविधा बनी रहे।
ई-लाइब्रेरी के निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने फर्नीचर सहित शेष सभी कार्य प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण कर लाइब्रेरी विद्यार्थियों के लिए शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ई-लाइब्रेरी शुरू होने से विद्यार्थियों को डिजिटल अध्ययन सामग्री, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और अन्य शैक्षणिक संसाधनों का लाभ मिलेगा।
इस दौरान सहायक यंत्री अनिल जायसवाल, नोडल अधिकारी आदेश जैन, उपयंत्री शैलेन्द्र प्यासी, शाला प्राचार्य रूप भास्कर, शिक्षक रिजवान हसन खान सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।