राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। छिंदवाड़ा सांसद बंटी विवेक साहू की 14 दिवसीय, 375 किलोमीटर लंबी धार्मिक पदयात्रा गुरुवार को कटनी जिले में प्रवेश कर गई। लगातार आंधी, तेज बारिश और प्रतिकूल मौसम के बावजूद सांसद अपनी पदयात्रा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जारी रखे हुए हैं। अब तक वे छिंदवाड़ा, सिवनी और जबलपुर जिलों से होते हुए करीब 274 किलोमीटर की यात्रा पूरी कर चुके हैं।
सांसद बंटी विवेक साहू ने 1 जुलाई को छिंदवाड़ा से मां शारदा धाम, मैहर के लिए पदयात्रा प्रारंभ की थी। 14 जुलाई को मैहर पहुंचकर वे मां शारदा के दर्शन एवं विशेष पूजा-अर्चना करेंगे। उन्होंने बताया कि यह पदयात्रा प्रदेश में सुख, समृद्धि, अच्छी वर्षा और जनकल्याण की कामना को समर्पित है।
कटनी जिले की सीमा में प्रवेश पर सिहोरा विधायक संतोष वरकड़े, जनपद पंचायत अध्यक्ष रश्मि मनेन्द्र अग्निहोत्री, जनपद सदस्य नीरज पांडे, अखिल भारतीय असाटी वैश्य महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनय असाटी, साहू समाज के पदाधिकारियों, भाजपा पदाधिकारियों, समाजसेवियों और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने सांसद का पुष्पवर्षा एवं माल्यार्पण कर स्वागत किया। कई जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता पदयात्रा में भी शामिल हुए।
यात्रा के आगामी कार्यक्रम के अनुसार 10 जुलाई को पदयात्रा दद्दा धाम पहुंचेगी, जहां रात्रि विश्राम किया जाएगा। इसके बाद 11 जुलाई की सुबह यात्रा पुनः प्रारंभ होगी और कटनी होते हुए मैहर के लिए रवाना होगी। अंतिम चार दिनों में लगभग 110 किलोमीटर की यात्रा पूरी की जाएगी।
राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने भी सांसद बंटी विवेक साहू की इस धार्मिक पदयात्रा की सराहना करते हुए इसे जनकल्याण और आध्यात्मिक चेतना से जुड़ा महत्वपूर्ण प्रयास बताया है। उन्होंने अपने संदेश में मां शारदा की आराधना को समाज के लिए मंगलकारी बताया।
पदयात्रा के दौरान सांसद बंटी विवेक साहू पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दे रहे हैं। वे वन विभाग और स्थानीय नागरिकों के सहयोग से विभिन्न स्थानों पर पौधारोपण कर रहे हैं तथा लगभग 10 हजार सीड बॉल का वितरण भी किया जा रहा है। प्रतिदिन यात्रा की शुरुआत और समापन मां शारदा की पूजा-अर्चना एवं आरती के साथ किया जा रहा है।