दुद्धी सोनभद्र।(विवेक सिंह)प्रदेश से सटे झारखण्ड सीमा से लगभग 5 किलोमीटर दूर हलीवांता थाना नगर उंटारी में मंगलवार दोपहर एक सड़क दुर्घटना में हरनाकछार के 30 वर्षीय दिव्यांग युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान सोनू शर्मा पुत्र स्व. भोला शर्मा निवासी हरनाकछार थाना विंढमगंज के रूप में हुई है।
परिवारिक सूत्रों के मुताबिक सोनू किसी काम से झारखण्ड के नगर उंटारी जा रहे थे। इसी दौरान हलीवांता के पास वे किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की तत्परता से उन्हें इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल नगर उंटारी ले जाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने सभी प्रयास किए, पर उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना सामाजिक मीडिया के जरिए परिजनों को मिली, जिसके बाद परिजन अस्पताल पहुँचे। नगर उंटारी थाना की पुलिस भी मौके पर पहुँच कर शव को कब्जे में ले लिया और आवश्यक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिये शव जिला अस्पताल गढ़वा भेज दिया। पुलिस अज्ञात वाहन एवं चालक की तलाश कर रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।