मुजफ्फरनगर।
जनपद मुजफ्फरनगर के चरथावल रोड स्थित स्काई अस्पताल में स्वास्थ्य विभाग की टीम के पहुंचने के बाद हड़कंप मच गया। टीम के निरीक्षण के दौरान मौके पर एक भी डॉक्टर मौजूद नहीं मिला। आरोप है कि स्वास्थ्य विभाग की टीम को देखकर डॉक्टर मौके से चले गए और करीब आधे घंटे बाद अस्पताल में वापस पहुंचे।
बताया गया कि स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अस्पताल में चिकित्सकीय गतिविधियों को लेकर आपत्ति जताते हुए आवश्यक निर्देश दिए थे। आरोप है कि टीम की मौजूदगी और मना करने के बावजूद बाद में पहुंचे डॉक्टर ने कथित तौर पर ऑपरेशन शुरू करने की कोशिश की।
मामला उस समय और गंभीर हो गया, जब स्वास्थ्य विभाग की टीम ने आरोप लगाया कि एक मरीज को एनेस्थीसिया का इंजेक्शन लगाकर ऑपरेशन थिएटर में लिटाया गया था। टीम की ओर से ऑपरेशन नहीं करने के लिए कहे जाने के बावजूद ऑपरेशन करने की कोशिश किए जाने की बात सामने आई है।
इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम और अस्पताल प्रबंधन के बीच कथित तौर पर तीखी नोकझोंक और बदसलूकी भी हुई। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पूरे मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों को दी।
मामले को लेकर सीएमओ ने बताया कि अस्पताल के मालिक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग की ओर से अस्पताल में चल रही गतिविधियों और चिकित्सकीय व्यवस्थाओं की जांच की जा रही है। जांच के बाद सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
चरथावल रोड स्थित स्काई अस्पताल में स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई के दौरान सामने आए इस घटनाक्रम से क्षेत्र में भी चर्चा का माहौल है। अब देखना होगा कि जांच में अस्पताल के संचालन, डॉक्टरों की मौजूदगी और मरीज के ऑपरेशन से जुड़े आरोपों को लेकर क्या तथ्य सामने आते हैं तथा स्वास्थ्य विभाग की ओर से आगे क्या कार्रवाई की जाती है।
जगह: मुजफ्फरनगर, चरथावल रोड
जिला रिपोर्टर: रितिक शर्मा