फतेहगंज पश्चिमी।
कस्बे के मोहल्ला नौगवां में किराए के मकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवर और कीमती घरेलू सामान चोरी करने के मामले में पुलिस ने एसएसपी से शिकायत के बाद मुकदमा दर्ज कर लिया है। पीड़ित घटना के बाद से लगातार पुलिस से कार्रवाई की मांग कर रहा था। मोहल्ला नौगवां निवासी विशाल पुत्र कैलाश चंद्र ने बताया कि वह हिमाचल प्रदेश में मजदूरी करता है। 17 अक्टूबर को सुबह करीब 7:30 बजे जब वह अपने किराए के मकान पर पहुंचा तो कमरे का ताला टूटा हुआ था। अंदर जाकर देखा तो सामान बिखरा पड़ा था। चोर मकान से चांदी की दो जोड़ी जेवरी, सोने के कानों के कुंडल की एक जोड़ी, दो फूल की थालियां और पहनने-ओढ़ने के कीमती कपड़े चोरी कर ले गए थे। पीड़ित ने अपने स्तर से काफी खोजबीन की, लेकिन चोरों का कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद उसने थाना फतेहगंज पश्चिमी में शिकायत की, लेकिन मुकदमा दर्ज नहीं हुआ। इस पर 31 अक्टूबर को पीड़ित ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बरेली को प्रार्थना पत्र देकर चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। एसएसपी से शिकायत के बाद थाना पुलिस ने चोरी के मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है। अब पीड़ित को चोरों का पता लगने और चोरी गए सामान की बरामदगी का इंतजार है।
प्रवन पाण्डेय इंडियन टीवी न्यूज़
जिला संवाददाता बरेली
