सहारनपुर । जनपद में अपराध नियंत्रण के तहत चलाए जा रहे अभियान के क्रम में सहारनपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है, थाना नागल पुलिस ने देर रात पुलिस मुठभेड़ के दौरान गौकशी के मुकदमे में वांछित एक बदमाश को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर अभिनंदन सिंह के निर्देशन में जिलेभर में अपराधियों की धरपकड़ के लिए सघन गश्त व चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना नागल पुलिस ग्राम शीतलाखेड़ा से नैनसोब मार्ग पर संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सामने से आ रही एक बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल को रोकने का इशारा किया गया, लेकिन सवार व्यक्ति मोटरसाइकिल मोड़कर भागने लगे। पुलिस टीम द्वारा पीछा करने पर आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आत्मरक्षा हेतु की गई फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जिसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान रागिब पुत्र अब्दुल रहीम निवासी ग्राम पाण्डौली, थाना नागल, जनपद सहारनपुर के रूप में हुई है। उसके कब्जे से एक तमंचा .315 बोर, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस तथा एक बिना नंबर की मोटरसाइकिल बरामद की गई है। घायल आरोपी को उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार बदमाश थाना नागल पर पंजीकृत मु.अ.सं. 63/2026 धारा 3/5/8 गोवध निवारण अधिनियम में वांछित चल रहा था। उसके विरुद्ध गौकशी और आर्म्स एक्ट सहित करीब आधा दर्जन अभियोग पहले से दर्ज हैं।
मौके से फरार दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा लगातार कांबिंग अभियान चलाया जा रहा है।
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़