बरेली। जिले में अवैध रूप से संचालित अस्पतालों और पैथोलॉजी लैब के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए कई स्वास्थ्य केंद्रों पर छापेमारी की। जांच के दौरान कई स्थानों पर बिना वैध पंजीकरण, चिकित्सक और प्रशिक्षित स्टाफ के मरीजों का इलाज होता मिला, जिससे विभाग में हड़कंप मच गया। नोडल अधिकारी डॉ. शुचिता गंगवार के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सबसे पहले देवचरा स्थित शिव शक्ति मेडिकल स्टोर का निरीक्षण किया। यहां बिना पंजीकरण और योग्य चिकित्सक के मरीजों का उपचार किए जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद टीम ने न्यू महक हॉस्पिटल में छापा मारा, जहां भर्ती मरीजों का इलाज अप्रशिक्षित लोगों द्वारा किया जा रहा था। अस्पताल संचालक आवश्यक अभिलेख और पंजीकरण दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। कार्रवाई के दौरान आंवला के पुराने बस स्टैंड स्थित कृष्णा हॉस्पिटल में भी मरीज भर्ती मिले, लेकिन अस्पताल में कोई चिकित्सक मौजूद नहीं था। वहीं इंडियन पैथोलॉजी लैब में न तो योग्य चिकित्सक मिला और न ही प्रशिक्षित स्टाफ। लैब संचालक भी पंजीकरण संबंधी दस्तावेज नहीं दिखा सके।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पुराने बस स्टैंड के पास संचालित देवीलाल चाइल्ड हेल्थ केयर सेंटर का भी निरीक्षण किया, जो बिना वैध पंजीकरण के संचालित होता मिला।
नोडल अधिकारी (झोलाछाप) डॉ. शुचिता गंगवार ने बताया कि बिना पंजीकरण स्वास्थ्य सेवाओं का संचालन नियमों का गंभीर उल्लंघन है। ऐसे अस्पतालों और लैब के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों की अनदेखी करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रवन पाण्डेय
इंडियन टीवी न्यूज़
जिला संवाददाता बरेली