दुद्धी सोनभद्र।(विवेक सिंह) स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) दुद्धी में लंबे समय से रिक्त महिला चिकित्सक के पद पर डॉ. ऐमन अंसारी को दो वर्ष की संविदा नियुक्ति दी गई। समाचार मिलने पर क्षेत्रवासियों में खुशी और संतोष का माहौल देखा गया। यह पद डॉ. स्मिता के पीजी की पढ़ाई के लिए चले जाने के बाद पिछले छह माह से खाली था।
उत्तर प्रदेश चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं विभाग ने 30 जून 2026 को लखनऊ में एमबीबीएस चिकित्सकों के लिए वॉक-इन इंटरव्यू आयोजित किया था। 7 जुलाई को घोषित परिणाम में डॉ. ऐमन अंसारी का चयन हुआ और उन्हें सोनभद्र जनपद आवंटित किया गया। महानिदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं, उत्तर प्रदेश के निर्देशानुसार चयनित चिकित्सकों से ओपीडी, आईपीडी, इमरजेंसी सहित सभी चिकित्सकीय कार्य नियमित डॉक्टरों की भांति अपेक्षित होंगे।
डॉ. ऐमन ने 8 जुलाई को मुख्य चिकित्साधिकारी सोनभद्र के समक्ष अपना योगदान पेश किया।आज शुक्रवार 17 जुलाई को सीएमओ की ओर से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी में तैनाती का ज्वाइनिंग लेटर प्रदान किया गया। आदेश के अनुसार ही उन्होंने उसी दिन सीएचसी दुद्धी पहुंचकर अधीक्षक डॉ. शाह आलम अंसारी के समक्ष कार्यभार ग्रहण कर लिया।
जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की त्वरित कार्रवाई पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों तथा जनता ने आभार प्रकट किया। टूटी-फूटी स्वास्थ्य सेवा की कमी दूर होने का विश्वास जताया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि जुलाई माह के प्रथम शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान तहसील मुख्यालय पहुंचे जिलाधिकारी से भाजपा मंडल अध्यक्ष दीपक साह के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं के प्रतिनिधि मंडल ने भी सीएचसी में महिला चिकित्सक की नियुक्ति की मांग उठाई थी।
डॉ. ऐमन अंसारी इससे पूर्व 11 जून 2026 को एनएचएम गाजीपुर द्वारा आयोजित चिकित्सक भर्ती प्रक्रिया में भी प्रतिभाग कर चुकी थीं। 21 जून को घोषित परिणाम में उनका चयन चिकित्साधिकारी पद के लिए हुआ था और 26 जून को उन्होंने गाजीपुर के सीएमओ कार्यालय में दस्तावेज़ सत्यापन भी कराया था। बाद में उत्तर प्रदेश चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं विभाग की भर्ती में चयन होने पर उन्हें उनके गृह जनपद सोनभद्र आवंटित कर दिया गया।
बता दे कि डॉ. ऐमन की छोटी बहन डॉ. एरम अंसारी (एमबीबीएस) ने हाल ही में आयोजित ऑल इंडिया विदेशी मेडिकल स्नातक परीक्षा (एफएमजीई) उत्तीर्ण कर दुद्धी क्षेत्र का नाम रोशन किया है। 8 जुलाई को घोषित परिणाम में उनकी सफलता से परिवार व क्षेत्र में उत्साह है। दोनों बहनों की उपलब्धियों को स्थानीय समाज और शिक्षा जगत में सराहना मिल रही है।