आंवला थाना पुलिस ने सर्राफा व्यापारी मनोज खंडेलवाल की दुकान से हुई चोरी का खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि दो बाल अपचारियों को हिरासत में लिया गया है। उनके पास से 74 हजार रुपये नकद, चोरी का बैग और वारदात में इस्तेमाल अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की गई है। यह जानकारी गुरुवार को दी गई।
पुलिस के मुताबिक, यह घटना 9 जुलाई 2026 को हुई थी। आंवला कस्बे के सर्राफा व्यापारी मनोज खंडेलवाल की दुकान से अज्ञात चोरों ने 84 हजार रुपये नकद से भरा बैग चुरा लिया था। घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों की मदद ली।
सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने मनौना बाईपास के पास घेराबंदी कर दो बाल अपचारियों को हिरासत में लिया। उनके पास से 20-20 हजार रुपये बरामद हुए। पूछताछ में बाल अपचारियों ने चोरी की बात स्वीकार करते हुए अपने अन्य साथियों के अलीगंज रोड पर होने की जानकारी दी।
उनकी निशानदेही पर पुलिस ने दबिश देकर मध्य प्रदेश के गुना जिले के रहने वाले 32 वर्षीय आरोपी हरेन को 34 हजार रुपये के साथ गिरफ्तार किया। हालांकि, उसके दो साथी, देवर कुंडी और छोटे राजा, मौके से बाइक पर फरार होने में सफल रहे।
आरोपी हरेन ने पूछताछ में बताया कि वे मूल रूप से मध्य प्रदेश के निवासी हैं और वर्तमान में बरेली के कैंट इलाके में डेरा डाले हुए थे। उन्होंने रेकी करने के बाद योजनाबद्ध तरीके से एक बाल अपचारी को दुकान के भीतर भेजकर बैग चोरी करवाया था। पुलिस ने अभियुक्त हरेन को न्यायालय में और बाल अपचारियों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
प्रवीन कुमार सक्सेना तहसील रिपोर्टर आंवला बरेली