ब्यूरो चीफ : किशन जायसवाल
बलिया/बिल्थरा रोड।
नगर के मध्य स्थित मुख्य विद्युत ट्रांसफार्मर शनिवार को खराब होने के बाद से बिल्थरा रोड के बड़े हिस्से में बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित है। लगातार दूसरे दिन भी ट्रांसफार्मर नहीं बदले जाने से हजारों उपभोक्ताओं को भीषण गर्मी और उमस के बीच भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। दो रातों से लोग अंधेरे में रहने को मजबूर हैं, जबकि रविवार देर शाम तक भी बिजली बहाल होने की स्पष्ट उम्मीद नजर नहीं आई।बिजली संकट को देखते हुए विद्युत विभाग ने यूनाइटेड क्लब के समीप एक नया ट्रांसफार्मर स्थापित करने का प्रस्ताव तैयार किया है। विभाग का मानना है कि अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगने से विद्युत भार का संतुलन बेहतर होगा और भविष्य में बार-बार ट्रांसफार्मर खराब होने की समस्या से काफी हद तक राहत मिलेगी।बिजली आपूर्ति ठप होने से पेयजल, घरेलू कार्य, छोटे कारोबार और व्यापारिक गतिविधियां भी प्रभावित हो रही हैं। स्थानीय लोगों में विभाग की कार्यशैली को लेकर नाराजगी देखी जा रही है और जल्द बिजली बहाल करने की मांग लगातार उठ रही है।इस बीच पूर्व सभासद सुनील कुमार ‘टिंकू’ ने बिजली विभाग के उच्च अधिकारियों से वार्ता कर नगर की विद्युत आपूर्ति शीघ्र बहाल कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी में लोगों को राहत दिलाने के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाए जाने चाहिए।उधर, अवर अभियंता (जेई) रामविलाश खरवार ने बताया कि ट्रांसफार्मर बदलने और बिजली आपूर्ति सामान्य करने के लिए विभाग की पूरी टीम लगातार कार्य में जुटी हुई है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आवश्यक तकनीकी कार्य पूरा होते ही जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।वहीं, क्षेत्रीय विधायक हंसू राम ने भी बिजली विभाग के उच्च अधिकारियों को तलब कर पूरे मामले की समीक्षा की। उन्होंने नगर में शीघ्र बिजली बहाल करने, ट्रांसफार्मर बदलने की प्रक्रिया में तेजी लाने तथा भविष्य में ऐसी समस्या की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक और स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।