गोंडा, 23 जुलाई 2026। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत मंगलवार को रायल पैराडाइज मैरिज हाल, गोंडा में सामूहिक विवाह कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विकासखंडों एवं नगर निकायों से कुल 355 जोड़े पंजीकृत थे, जिनमें से 293 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया।
इनमें 280 जोड़ों का विवाह हिंदू रीति-रिवाज से संपन्न हुआ, जबकि 13 जोड़ों का इस्लामिक परंपरा के अनुसार मौलवी साहिबे आलम द्वारा निकाह कराया गया।कार्यक्रम में मनकापुर विधायक रमापति शास्त्री, गौरा विधायक प्रभात वर्मा, जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन, मुख्य विकास अधिकारी दयानंद प्रसाद, केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री प्रतिनिधि एवं सांसद प्रतिनिधि यूपी सिंह, जिला विकास अधिकारी आदित्य तिवारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए सुशील कुमार पांडेय, डीसी एनआरएलएम जेएन राव, जिला समाज कल्याण अधिकारी सत्य प्रकाश सिंह सहित अन्य अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने नवदंपतियों को आशीर्वाद देकर उनके सुखद वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दीं।इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि सरकार का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों का सम्मानपूर्वक विवाह कराना है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत प्रत्येक जोड़े के लिए ₹64,000 की वित्तीय सहायता प्रदान की जाती है। इसके अतिरिक्त नवदंपतियों को गृहस्थी का सामान भी दिया जाता है, जिसमें स्टील डिनर सेट, प्रेशर कुकर, कड़ाही, दुल्हन के लिए पांच साड़ियों का सेट, दूल्हे के लिए पैंट-शर्ट, दीवार घड़ी और सौंदर्य प्रसाधन किट सहित अन्य आवश्यक सामग्री शामिल है।
कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न हुआ।
इंडियन टीवी न्यूज़
दिनेश श्रीवास्तव
मंडल ब्यूरो चीफ देवीपाटन मंडल