दुद्धी (सोनभद्र)।(विवेक सिंह)नामित सभासद एवं भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष सुमित सोनी ने आज बुधवार दोपहर दुद्धी तहसील के उपजिलाधिकारी के कार्यालय पर उपस्थित होकर तहसील मुख्यालय परिसर में एक बड़ा राष्ट्रीय ध्वज (तिरंगा) स्थापित कराने के लिए लिखित ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में सुमित सोनी ने बताया कि दुद्धी तहसील क्षेत्र की पुरानी और विरासतपूर्ण तहसील है, जिसकी पहचान अंग्रेजी शासनकाल में भी दुद्धी स्टेट के रूप में रही है, ऐसे में तहसील मुख्यालय पर बड़ा राष्ट्रीय ध्वज लगाने से क्षेत्र की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक पहचान के साथ-साथ राष्ट्रीय सम्मान भी बढ़ेगा।
ज्ञापन में कहा गया है कि तिरंगा लगाने से लोगों में देशभक्ति की भावना बनी रहेगी और राष्ट्रीय ध्वज देखकर नागरिक गर्व का अनुभव करेंगे। सुमित सोनी ने प्रशासन से आग्रह किया है कि स्वतंत्रता दिवस से पहले यह तिरंगा स्थापित कर दिया जाए ताकि 15 अगस्त को ध्वजारोहण व सार्वजनिक कार्यक्रम सुचारू रूप से आयोजित किए जा सकें।
स्थानीय निवासियों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी इस पहल का स्वागत किया है और कहा है कि बड़ा तिरंगा नगर की शोभा बढ़ाएगा।
उपजिलाधिकारी ने ज्ञापन प्राप्ति की पुष्टि करते हुए कहा कि जब हम अयोध्या में थे तो वहां चार स्थानों पर तिरंगा लगवा चुके हैं। इसी अनुभव को ध्यान में रखते हुए दुद्धी तहसील परिसर में भी बड़ा तिरंगा लगाने की कवायद की जाएगी। उन्होंने बताया कि मामले पर शीघ्र विचार कर संबंधित अधिकारियों के साथ मिलकर आगे की कार्रवाई निर्धारित की जाएगी और यदि सभी आवश्यकताएँ पूरी हुईं तो स्वतंत्रता दिवस से पहले तिरंगा स्थापित कराने पर काम किया जाएगा।